जेवर एयरपोर्ट से 15 लाख की केबल चोरी का खुलासा, साइट इंजीनियर निकला मास्टरमाइंड; 4 गिरफ्तार

adminmashal
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा पुलिस ने जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट साइट पर हुई बड़ी चोरी का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में साइट पर तैनात इंजीनियर शिवम शर्मा भी शामिल है, जिसे इस गैंग का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये की नई एल्युमिनियम केबल, एक फर्जी नंबर प्लेट लगा टाटा कैन्टर और एक स्विफ्ट कार बरामद की है.

चेकिंग के दौरान पकड़ा गया गिरोह

एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार के अनुसार, 3 दिसंबर की रात जीबीयू चौराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस को एक कैन्टर और उसके पीछे चल रही स्विफ्ट कार संदिग्ध लगी. रोकने का इशारा करने पर वाहन चालक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने दोनों गाड़ियों को तुरंत घेरकर रोक लिया. कैन्टर की तलाशी लेने पर उसमें नई एल्युमिनियम केबलें मिलीं.

पूछताछ में पता चला कि जेवर एयरपोर्ट पर कार्यरत इंजीनियर शिवम शर्मा ने ही चोरी की योजना बनाई थी. उसने अपने ड्राइवर इरशाद, हेल्पर सिराज और कबाड़ी इजहार उर्फ सोनू के साथ मिलकर कई बार केबल चोरी कर कबाड़ी को बेचने की साजिश रची थी. आरोपी रात के समय केबल निकालकर कैन्टर में भर लेते थे ताकि किसी को शक न हो.

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

एयरपोर्ट साइट से इतनी बड़ी चोरी सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. खास बात यह है कि हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया था और उसके तुरंत बाद यह चोरी होना चिंताजनक है.

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस चोरी में और कौन-कौन लोग शामिल थे और पूरा नेटवर्क कितनी दूर तक फैला है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *